क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक 30 मार्च को आयोजित की जाएगी। बैठक से पहले बुधवार को निगम सभाकक्ष में प्रश्नोत्तर सत्र के लिए लॉटरी निकाली गई, जिसमें साल्हेवार पारा की कांग्रेस पार्षद रामेश्वरी कोसरे को पहला सवाल पूछने का अवसर मिला। लॉटरी प्रक्रिया सुबह 11 बजे सभापति की उपस्थिति में संपन्न हुई। रामेश्वरी कोसरे ने महापौर से प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी मांगी है, जिसे वे सदन में उठाएंगी। बताया गया कि इस बार सामान्य सभा में कांग्रेस और भाजपा के कुल 28 पार्षदों ने अपने-अपने सवाल प्रस्तुत किए हैं। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान से होगी, जिसके बाद एक घंटे का प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में महंत घासीदास वार्ड के भाजपा पार्षद हेमंत बंजारे ने जल आवर्धन परियोजना से जुड़ा सवाल लगाया है, जिसका जवाब महापौर या संबंधित विभागीय सभापति देंगे। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप-नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन सहित स्वतंत्र पार्षद प्रकाश सिन्हा, मदन नेवारे और रामेश्वर वर्मा भी अपने मुद्दे सदन में उठाएंगे। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान डिप्टी कमिश्नर प्रवीण सार्वा समेत कई पार्षद मौजूद रहे। बैठक में शहर के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026