क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


जिला, पुलिस और निगम प्रशासन चलाएगा महाअभियान जबलपुर, (ईएमएस)। जिला, पुलिस और नगर प्रशासन शहर को व्यवस्थित, सुंदर और यातायात मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। यह अभियान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में चलाया जाएगा। इस संबंध में आज सुबह 9 बजे निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर भर में व्याप्त अवैध निर्माण और अतिक्रमणों के खिलाफ एक सघन अभियान चलाने के संबंध अधिकारियों की बैठक ली। इस संबंध में उन्होंने अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहा है, बल्कि यातायात में भी बड़ी बाधा बन रहा है। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि नियमित अनाउंसमेंट लोगों को जागरूक करने और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए क्षेत्रों में नियमित रूप से मुनादी कराई जाएगी। निगमायुक्त ने बताया कि अतिक्रमण विभाग की टीमें चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर तैनात रहेंगी ताकि मुख्य मार्गों को खुला रखा जा सके। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों पर किए गए अवैध निर्माणों को प्राथमिकता के साथ हटाया जाएगा। निगमायुक्त अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशासन के इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर में अनुशासन और व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड पर उतरें और यह सुनिश्चित करें कि आम जनता को आवागमन में कोई असुविधा न हो। बैठक में अतिक्रमण विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सुनील साहू / मोनिका / 26 मार्च 2026/ 02.01