बिलासपुर (ईएमएस)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पान ठेला दुकानों का शटर तोडकऱ चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल किया गया औजार भी बरामद किया गया है। रिंग रोड-2 स्थित पान ठेला और मंदिर चौक जरहाभाठा स्थित एक अन्य पान दुकान में शटर तोडकऱ चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मिनी बस्ती क्षेत्र में गुटखा-पान मसाला बेहद सस्ते में बेच रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों के कब्जे से पान मसाला और गुटखा सहित करीब 2 हजार रुपए का सामान, 7200 रुपए नगद और शटर तोडऩे में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।