क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


- शहर में निकलेंगे आधा दर्जन भव्य चल समारोह सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कर्नलगंज-कोल्हूपुरा मार्ग पर विशेष नजर, चौकी पर भरवाए बॉण्ड गुना (ईएमएस)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी को लेकर गुना शहर में चहुंओर उत्साह का वातावरण है। इस वर्ष शहर के विभिन्न कोनों से आधा दर्जन से अधिक भव्य चल समारोह निकालने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग ने शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है, विशेषकर उन संवेदनशील क्षेत्रों में जहाँ पूर्व में विवाद की स्थितियां बनी थीं। गत वर्ष हनुमान जयंती पर शहर के कर्नलगंज क्षेत्र में हुए तनाव के देखते हुए इस वर्ष पुलिस ने गुरुवार को ही दोनों पक्षों को बुलाकर शांतिपूर्ण जुलूस निकालने की समझाईश दी। इस दौरान दोनों पक्षों से आवश्यक कागजात एवं दस्तावेज जमा कराए गए। चार प्रमुख जुलूसों का लक्ष्मीगंज में होगा महासंगम जानकारी के अनुसार नगर का मुख्य आकर्षण वह विशाल चल समारोह होगा जो चार अलग-अलग दिशाओं से आकर एक महासंगम का रूप लेगा। जानकारी के अनुसार, हनुमंता मंदिर से निकलने वाले प्रमुख जुलूस में पिपरौदा स्थित खाटू श्याम मंदिर का चल समारोह शामिल होगा। इसी तरह बांसखेड़ी और शीतला माता मंदिर से निकलने वाले जुलूस भी नीचला बाजार और सदर बाजार होते हुए लक्ष्मीगंज पहुंचेंगे। यहाँ ये चारों जुलूस एकत्रित होकर एक व्यापक स्वरूप धारण करेंगे, जो शहर के मुख्य मार्गों सदर बाजार, नीचला बाजार, हाट रोड से होता हुआ हनुमान चौराहे पर संपन्न होगा। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर और समझाइश गत वर्षों में रामनवमी और हनुमान जयंती के दौरान कोल्हूपुरा क्षेत्र में हुए घटनाक्रमों को देखते हुए पुलिस प्रशासन इस बार पूरी तरह मुस्तैद है। कर्नलगंज पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों के लोगों को बुलाकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस ने स्पष्ट हिदायत दी है कि जुलूस पूरी तरह मर्यादित और शांतिपूर्ण होना चाहिए। इस दौरान आवश्यक कागजी कार्रवाई भी पूरी की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इस मौके पर पुलिस ने गत वर्ष जुलूस पर बवाल काटने वाले आरोपियों को भी विशेष रूप से तलब किया। यहां एक आधा सैकड़ा के करीब लोगों से बॉण्ड भरवाए गए। प्रताप छात्रावास से निकलेगा रघुवंशी समाज का भव्य जुलूस इधर, रघुवंशी समाज द्वारा भगवान श्री राम का जन्मोत्सव बड़े ही उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को प्रताप छात्रावास प्रांगण में अखंड रामायण पाठ की स्थापना के साथ हुई। शुक्रवार को यहाँ से एक विशाल चल समारोह प्रारंभ होगा, जो पोस्ट ऑफिस, जगदीश कॉलोनी, हाट रोड और लक्ष्मीगंज सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर पुन: छात्रावास परिसर पहुँचेगा। समाज के युवाओं और वरिष्ठों द्वारा इस जुलूस को भव्य बनाने के लिए विशेष झांकियों और अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन की तैयारियां की गई हैं। - सीताराम नाटानी