उत्तर से लेकर दक्षिण तक के राज्यों में दिख रहा यहीं नजारा नई दिल्ली,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश और गुजरात के बाद अब उत्तर प्रदेश और असम तक पेट्रोल-डीजल को लेकर भगदड़ देखने को मिल रही है। बीती रात प्रयागराज, गोंडा, सिद्धार्थनगर, हापुड़, देवरिया, संत कबीर नगर सहित कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि जिला प्रशासन लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पर्याप्त स्टॉक होने की बात कह रहा है। प्रयागराज में पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद अफवाह फैलने से पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस अफवाह के बाद लोग डर के कारण अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पहुंच गए, जिससे कई जगह अव्यवस्था की स्थिति बनी। इस तरह यूपी के देवरिया में भी सुबह से ही पेट्रोल खत्म होने की चर्चा फैल गई, जिसके बाद लोग पंपों पर उमड़ पड़े। इसके बाद देवरिया की डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। गोंडा में गुरुवार को पेट्रोल लेने वाले की भीड़ अचानक पंपों पर बढ़ी, दो एक पेट्रोल पंपों के बंद होने के कारण अफरातफरी मच गई, जिससे पंपों पर पेट्रोल भरवाने के लिए गाड़ियों की लंबी लंबी लाइनें लग गई। यह आलम तब है जब शहर के एक पेट्रोल पंप मालिक विजय तिवारी ने बताया कि हमारे पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसके बाद अपर जिला अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जिले में पर्याप्त तेल का स्टॉक मौजूद है एडीएम ने बताया कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ा एक्शन होगा। मध्य प्रदेश के इंदौर में भी इसी तरह के हालात दिखाई दिए। इंदौर में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर वायरल वीडियो और अफवाहों के बाद प्रशासन सख्त हुआ और अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। वहीं देवास में पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन देखकर बैंक कर्मचारी घोड़े पर बैठकर ऑफिस पहुंच गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वहीं भोपाल में एक पेट्रोल पंप द्वारा 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल न देने के आदेश के बाद प्रशासन ने छापा मारकर पंप को सील किया। महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा शहर के पेट्रोल पंपों पर बीती रात से लोगों की भीड़ पेट्रोल भरवाने के लिए उमड़ पड़ी। भरी दोपहर तेज धूप में घंटों कतार में खड़े रहकर किसी ने एक हजार रूपये का, किसी ने 500 रुपये का पेट्रोल अपनी गाड़ियों मे भरवाया। लोगों ने बताया की पेट्रोल खत्म होने की बात सुनकर वह पेट्रोल भरवाने पहुंच है। इसके अलावा महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर, सांगली, सोलापुर, पुणे और जालना और वाशिम में भी पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। लोगों ने अफवाह के चलते घंटों लाइन में लगाकर पेट्रोल भरवाया। जबकि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल खत्म होने से जुड़ी अफवाह के कारण हैदराबाद में भी पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। वहीं चेन्नई में भी पेट्रोल-डीजल पंपों के बाहर लोग घंटों तक इंतजार करते दिखाई दिए। इस बीच एलपीजी को लेकर भी कई जगह परेशानी की खबरें सामने आई हैं। हापुड़ में गैस सिलेंडर की कमी के कारण एक बेटी की शादी तक टालनी पड़ गई। परिवार ने जिला पूर्ति अधिकारी से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। बाइक में 200............कार में 2 हजार तक का ही पेट्रोल देश के कई हिस्सों से बीते 24 घंटों के दौरान पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के वीडियो सामने आए हैं। इस बीच महाराष्ट्र के जालना में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के बीच प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, कई स्थानों पर लंबी कतारें लगने से पेट्रोल की मांग और आपूर्ति के बीच अस्थायी असंतुलन की स्थिति बनी हैं। जिला प्रशासन ने जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत विशेष आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, दोपहिया वाहनों के लिए अधिकतम 200 रुपये और तीन पहिया व चार पहिया वाहनों के लिए 2000 रुपये तक ही ईंधन भरवाने की सीमा तय की गई है। साथ ही, कैन, बोतल या किसी भी अन्य कंटेनर में ईंधन देने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कारवाई की चेतावनी भी दी गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। जिले में कुल 126 पेट्रोल पंप कार्यरत हैं और पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू होने की जानकारी दी गई है। आशीष दुबे/ 26 मार्च 2026