ट्रेंडिंग
26-Mar-2026
...


पिकअप से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी थी बस छिंदवाड़ा, ईएमएस। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक बस गुरुवार शाम दुर्घटना का शिकार हो गई। बस में सवार 41 यात्री घायल हुए जबकि 11 की मौत होने की खबर मिल रही है। जिसमे 7 पुरूष 3 महिलाएं एवं 1 बच्चा शामिल है। मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के लोकार्पण समारोह में हिस्सा लेने आए हुए थे इस दौरान उनके कार्यक्रम से वापस लौट रही एक बस सिमरिया के पास चिखली में हादसे का शिकार हो गई। दरअसल बस क्रमांक एमपी28पी0321 सामने से आ रही एक पिकअप क्रमांक एमपी28जेडडी1209 से टकरा गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर नजदीकी गड्ढे में जा गिरी। बताया जाता है कि बस में लगभग 55 यात्री सवार थे इनमें से 41 यात्री चोटिल हुए थे जिसमें गंभीर रूप से घायल होने पर दो दर्जन से अधिक लोगों को जिला अस्पताल लाया गया जहां पर पहुंचने के बाद 11 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। बताया जाता है कि हादसे का शिकार हुए ग्रामीण मोहखेड़ जनपद के अंतर्गत ग्राम करेल, भंडारकुंड और ग्वारा गांव से सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। ग्रीन कोरिडोर बनाकर पहुंचाया अस्पताल हादसे की खबर लगने के बाद प्रशासनिक अमला तत्काल हरकत में आया जिसके बाद मौके पर लगभग 20 से अधिक एंबुलेंस को पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रीन कोरिडोर बनाकर घायलों को जिला अस्पताल तक लाया। अस्पताल में घायलों के उपचार के लिए तत्काल चिकित्सकों की टीम तैयार की गई मौके पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन, एसपी अजय पांडे, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, परासिया एसडीएम शुभम कुमार यादव, छिंदवाड़ा एसडीएम सुधीर जैन सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।