-सुप्रिया श्रीनेत बोलीं- इस कटौती से कोई राहत नहीं मिलेगी और न ही ईंधन सस्ता होगा नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ईंधन की वैश्विक कमी और बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार के फैसले की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश जहां पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रहे हैं, वहीं मोदी सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क में कटौती का फैसला आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत है। ये कदम सरकार की जन-केंद्रित सोच और संवेदनशील निर्णय क्षमता को दर्शाता है। अमित शाह ने इस फैसले के लिए पीएम को बधाई देते हुए कहा कि यह निर्णय लोगों के हित में उठाया गया अहम कदम है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि राम नवमी के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हम सभी को भगवान राम के आदर्शों का पालन करना चाहिए। पीएम मोदी ने आज एक ऐतिहासिक फैसला लिया है और आम आदमी को राहत प्रदान की है। पीएम मोदी इस कठिन समय में हमेशा भारत की जनता के साथ खड़े हैं। वहीं कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सरकार के एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस कटौती से आम लोगों को कोई राहत नहीं मिलेगी और न ही ईंधन सस्ता होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम उपभोक्ताओं के हित में नहीं बल्कि तेल कंपनियों को राहत देने के लिए उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कच्चे तेल की कीमतें कम होने पर भी जनता को उसका लाभ नहीं दिया गया। कोविड के दौरान जब कच्चा तेल 15-20 डॉलर प्रति बैरल था, तब भी कीमतें नहीं घटीं। सिराज/ईएमएस 27मार्च26