क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- महिला की हालत गंभीर - नगर निगम ने सड़क पर रखी बिल्डिंग निर्माण सामग्री की जब्त - जिला प्रशासन की टीम ने शुरु की हादसे के कारणो की जांच भोपाल(ईएमएस)। राजधानी में एम्स अस्पताल के सामने शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब यहॉ स्थित मेडिकल स्टोर के निर्माणाधीन छज्जे का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरा। अचानक हुए हादसे की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें फौरन ही इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की जानकारी लगते ही प्रशासन ने भी जॉच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार यहॉ सडाना मेडिकल स्टोर की चार मंजिला इमारत बन रही है। इसके नीचे ही मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था। एम्स में आए मरीज और उनके परिजन दवाई लेने के लिए इसी स्टोर पर पहुंचे थे, उसी समय छज्जा गिर पड़ा और वह सब उसकी चपेट में आ गये। बताया गया है कि आठ घायल इलाज के लिये एम्स पहुंचे थे, जिनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पांच मरीज भर्ती किये गये थे। घायलो में करेली निवासी नंदिनी (23) की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोहे का एंगल उनके पैर में घुस गया था, वहीं उनके सिर और हाथ में भी गहरे घाव हैं। नंदिनी को एम्स भोपाल के ट्रॉमा ब्लॉक के रेड ट्रायज में भर्ती किया गया है। जहॉ डॉक्टरो की निगरानी में उनका उपचार जारी हैं। बताया गया है कि यहां संचालित हो रहे मेडिकल स्टोर के ठीक ऊपर 3 मंजिल का और निर्माण चल रहा है। जो सेटिंग, छज्जा गिरा है,वो काफी बाहर निकला हुआ था। यह शेड के ऊपर गिरा है, इससे शेड भी ढह गया। घायलो में अमरई निवासी मनोज कुमार (56), करेली निवासी तनुश्री (19), ग्वालियर निवासी अभय और उमरिया निवासी सोमप्रकाश सिंह (61) के नाम सामने आये है, इन सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। - प्रशासन ने की कार्यवाही घटना के बाद नगर निगम ने कार्यवाही करते हुए बिल्डिंग निर्माण के लिए सड़क पर रखी गई रेत, सरिया सहित अन्य सामग्री को जब्त करने की कार्यवाही शुरु कर दी। वहीं, जिला प्रशासन की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच गई। एमपी नगर से तहसीलदार ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जुनेद / 27 मार्च