क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला, खून से लथपथ छोड़ भागा बिलासपुर (ईएमएस)। कोनी थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाई ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी ही बहन को मौत के मुहाने पर पहुंचा दिया। हथौड़े से किए गए बर्बर हमले में बहन गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। रात का खौफनाक मंजर घटना 24 मार्च 2026 की देर रात की है। देव नगर, कोनी निवासी पीड़िता कु. मिनेश्वरी मनहर घर में अकेली सो रही थी। तभी रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उसका भाई मानेश्वर मनहर (33 वर्ष) शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। नशे में चूर आरोपी ने पहले गाली-गलौज शुरू की, फिर बहन के बाल पकडक़र उसे घसीटते हुए घर के बाहर ले गया। इसके बाद उसने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। बहन के इनकार करते ही आरोपी का गुस्सा हैवानियत में बदल गया। हथौड़े से जानलेवा हमला आरोपी ने पास में रखे हथौड़े को उठाया और बहन के सिर, हाथ और पीठ पर लगातार वार करना शुरू कर दिया। हमले की बर्बरता इतनी ज्यादा थी कि पीड़िता मौके पर ही बेहोश हो गई। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग चुका था। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई पीड़िता की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मनोज राज 27 मार्च 2026