- एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई शिकायत - फीस वापसी तक जारी रहेगा आंदोलन, सख्त कार्रवाई की मांग बिलासपुर (ईएमएस)। नारायणा टेक्नोक्रेट स्कूल की अनियमितताओं को लेकर एनएसयूआई ने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर ली है। संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए स्कूल प्रबंधन पर अभिभावकों से मोटी रकम लेने और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने सीबीएसई के नाम का दुरुपयोग करते हुए फर्जी मान्यता के आधार पर अभिभावकों से लाखों रुपए वसूले, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है। जबकि स्कूल प्रबंधन को अब तक सीबीएसई से मान्यता ही नहीं मिली है। ऐसे में एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक अभिभावकों की राशि वापस नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। सीबीएसई मुख्यालय में की जाएगी शिकायत युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेंद्र गंगोत्री ने बताया कि नारायणा टेक्नोक्रेट स्कूल द्वारा बिना मान्यता अभिभावकों के साथ फर्जीवाड़ा करने के इस मामले की शिकायत सीबीएसई मुख्यालय भुवनेश्वर में भी की जाएगी। साथ ही यह सवाल उठाया जाएगा कि किन आधारों पर स्कूल को संबद्धता दी गई, जबकि प्रवेश प्रक्रिया सितंबर 2024 से शुरू कर दी गई थी और विद्यालय का संचालन अप्रैल 2025 से शुरू हुआ। स्कूल द्वारा ली जा रही फीस दूसरे राज्यों के खाते में ट्रांसफर एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अर्पित केशरवानी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन सीबीएसई नियमों की अवहेलना कर रहा है। विद्यालय द्वारा ली गई फीस का लेखा-जोखा स्थानीय खाते में न रखकर अन्य राज्यों में ट्रांसफर किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। यदि स्कूल अचानक बंद होता है तो अभिभावकों को अपने पैसे के लिए दूसरे राज्यों में भटकना पड़ेगा। मनोज राज 27 मार्च 2026