अंतर्राष्ट्रीय
27-Mar-2026
...


-स्पेन, पाकिस्तान और जर्मनी के लिए भी धन्यवाद संदेश तेहरान,(ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान और इजराइल के बीच संघर्ष और तेज हो गया है। ताजा घटनाक्रम में ईरान ने इजराइल पर 83वीं बार मिसाइल हमला किया है। इस बार हमले के दौरान एक अनोखी बात सामने आई, जिसने वैश्विक स्तर पर ध्यान खींचा। ईरानी सैनिकों ने मिसाइलों पर ‘थैंक्यू इंडिया’ और ‘थैंक्यू पीपल ऑफ इंडिया’ जैसे संदेश लिखे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ईरान के सैनिक मिसाइलों पर अलग-अलग देशों के नाम लिखते हुए उन्हें धन्यवाद देते हुए तैयार कर रहे हैं। भारत के अलावा स्पेन, पाकिस्तान और जर्मनी के लिए भी धन्यवाद संदेश लिखे गए। ईरान का कहना है कि यह कदम उन देशों और लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उठाया गया है, जिन्होंने इस संघर्ष के दौरान उसका समर्थन किया। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड, यानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के अनुसार, इस 83वीं स्ट्राइक में लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलों के साथ ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। हमलों का निशाना केवल इजराइल के सैन्य ठिकाने ही नहीं थे, बल्कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों को भी टारगेट किया गया। ईरान ने बहरीन में पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े एक ठिकाने पर हमला करने का भी दावा किया है। इस बीच, ईरान ने भारत से जुड़े एक भावनात्मक पहलू का भी जिक्र किया है। भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने उन भारतीय बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कथित तौर पर अपनी गुल्लक तोड़कर ईरान के समर्थन में धन दान किया। दूतावास ने इसे “प्यार भरा तोहफा” बताते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चों की यह मदद उनके दिल को छू गई और इसे कभी भुलाया नहीं जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जम्मू-कश्मीर समेत कई क्षेत्रों में बच्चों ने इस तरह की पहल की। ईरानी दूतावास ने कहा कि यह समर्थन दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों और मानवीय जुड़ाव को दर्शाता है। मौजूदा घटनाक्रम ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि मिडिल ईस्ट का यह संघर्ष अब केवल क्षेत्रीय नहीं रहा, बल्कि इसका प्रभाव और संदेश वैश्विक स्तर पर फैल रहा है। हिदायत/ईएमएस 27मार्च26