ग्वालियर ( ईएमएस ) । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्षा एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती सोनिया गांधी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उत्तम स्वास्थ्य, चिरायु एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना हेतु शहर जिला कांग्रेस कमेटी, ग्वालियर द्वारा रामनवमी के पावन अवसर पर एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में पड़ाव पुल के नीचे स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें मंदिर परिसर में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ भाग लिया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया एवं विशेष पूजा-अर्चना कर प्रभु श्री राम तथा संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना की गई कि वे कंाग्रेस की वरिष्ठ एवं सम्मानित नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें तथा उन्हें स्वस्थ, दीर्घायु एवं ऊर्जावान जीवन का आशीर्वाद दें। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में ईश्वर से प्रार्थना की कि वे सोनिया गांधी जी को शीघ्र स्वस्थ कर शक्ति प्रदान करें। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि आज हम सभी कांग्रेसजन रामनवमी के इस पावन एवं पवित्र पर्व पर प्रभु श्री राम एवं संकटमोचन हनुमान जी के श्रीचरणों में एकत्रित होकर अपनी श्रद्धेय नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। सोनिया गांधी जी ने भारतीय राजनीति में अपने अद्वितीय नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं समर्पण के माध्यम से देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। ईश्वर से हमारी यही प्रार्थना है कि वे सोनिया गांधी जी को दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन प्रदान करें। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव दशरथ सिंह पटेल, श्रीमती सीमा समाधिया, संजय सिंह राठौर, हेवरन सिंह कंसाना, रमेश भेरूआ, राकेश शर्मा, किशन, जितेन्द्र यादव आदि उपस्थित थे। .