-1 की मौत, 1 इंदौर रेफर शाजापुर (ईएमएस)। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में देररात उस समय दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब महज दो घंटे के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जहरीला पदार्थ खाने के चार मामले एक साथ सामने आ गए। रात 10 बजे से 12 बजे के बीच घटी इन घटनाओं में एक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जीवन रक्षक प्रणाली के साथ इंदौर रेफर किया गया। वहीं, एक युवती सहित दो अन्य का जिला अस्पताल में सघन उपचार जारी है। अज्ञात कारणों के चलते उठाए गए इन आत्मघाती कदमों ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन को भी सकते में डाल दिया है। चारों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मटेवा के युवक ने तोड़ा दम, कारण अज्ञात सबसे दुखद मामला मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम मटेवा का रहा। यहां के निवासी 25-30 वर्षीय मिथुन पिता देवकरण को परिजनों द्वारा गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मिथुन ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। अस्पताल प्रबंधन ने शव पोस्टमार्टम कर शुक्रवार सुबह परिजनों के सुपुर्द किया। वहीं एक अन्य गंभीर मामला जूनापानी निवासी सत्तू सोलंकी का है। परिजनों के अनुसार उसने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत हायर सेंटर (इंदौर) के लिए रेफर कर दिया। इसी तरह इमलीखेड़ा गांव के शंकर लाल ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा पी ली। सुनेरा निवासी युवती ने भी अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। फिलहाल उक्त दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। ईएमएस / 27/03/2026