क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- यज्ञ में पूर्णाहुति देकर मां भवानी को दी विदाई शाजापुर (ईएमएस)। शक्ति की उपासना और आस्था के नौ दिवसीय महापर्व नवरात्रि का शुक्रवार, 27 मार्च को श्रद्धाभाव और पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हो गया। इस पावन अवसर पर अलसुबह से लेकर देर रात तक शहर के देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और पूरा अंचल जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा। नवमी के दिन मां आदिशक्ति के नौवें स्वरूप देवी सिद्धिदात्री की विशेष पूजा-अर्चना की गई। शहर के प्रसिद्ध मां राजराजेश्वरी मंदिर में आयोजित महायज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति डाली गई और विश्व कल्याण के साथ-साथ शहर की सुख-समृद्धि की कामना की गई। कठोर तप और मनमोहक श्रृंगार ने मोहा मन इन नौ दिनों में भक्तों ने मां भवानी को प्रसन्न करने के लिए अनूठी आस्था का परिचय दिया। किसी ने अपनी मन्नत पूरी होने पर नंगे पैर रहकर माता के दरबार में हाजिरी लगाई, तो किसी ने पूरे नौ दिन का कठोर उपवास रखकर देवी की आराधना की। नवमी के विशेष अवसर पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में माता का अलौकिक और मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिनमें दुपाड़ा रोड स्थित चामुंडा माता मंदिर, कसेरा बाजार स्थित रूपामाता मंदिर, बिजासन माता मंदिर शामिल हैं। श्रीराम जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 बजते ही गूंजे शंख-घडि़याल मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव शुक्रवार को शहर भर में अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर के ठीक 12 बजते ही शहर के सभी राम मंदिरों में शंख और घंटों की गूंज से आसमान गुंजायमान हो उठा। पट खुलते ही दर्शन के लिए आतुर भक्तों ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ प्रभु के दर्शन किए और महाआरती में भाग लिया। चैत्र मास की नवमी के पावन अवसर पर शहर से लेकर जिले भर के राम मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई थी। शहर के शरद नगर स्थित श्रीराम मंदिर में प्रभु का मनमोहक शृंगार कर छप्पन पकवानों का विशेष भोग लगाया गया। दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसे ग्रहण करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। ईएमएस / 27/03/2026