राष्ट्रीय
28-Mar-2026
...


शामली(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कांधला क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी को जान से मारने की धमकी दी गई है। आशुतोष महाराज ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके अधिवक्ता को बम से उड़ाने की सीधी चेतावनी दी गई है। इस मामले ने तब और भी गंभीर रूप अख्तियार कर लिया जब पुलिस की प्रारंभिक जांच में वह मोबाइल नंबर पाकिस्तान का पाया गया। अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई इस कॉल ने सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के कान खड़े कर दिए हैं। इस पूरे विवाद की जड़ स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़ा एक कानूनी मामला बताया जा रहा है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने उच्च न्यायालय द्वारा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को दी गई अग्रिम जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है और वहां एक विशेष अनुमति याचिका दाखिल की है। महाराज के अनुसार, जैसे ही उन्होंने 25 मार्च को देश की शीर्ष अदालत में इस मामले की पैरवी तेज की, उन्हें डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार शाम लगभग 5:53 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अपनी याचिका वापस नहीं ली, तो उन्हें और उनके वकील को बम से उड़ा दिया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही कांधला थाना पुलिस और भारी बल मौके पर पहुंचा। शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। जांच में पुष्टि हुई है कि जिस नंबर से धमकी भरी कॉल आई थी, उसका कंट्री कोड पाकिस्तान का है। एसपी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय कॉल के पीछे स्थानीय स्तर पर कौन लोग शामिल हो सकते हैं। आशुतोष ब्रह्मचारी ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर अपनी और अपने सहयोगियों की जान को खतरा बताते हुए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे धर्म और न्याय की इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और कांधला स्थित उनके आवास के आसपास सतर्कता बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां भी इस कॉल के मूल स्रोत और किसी संभावित साजिश की जांच में जुट गई हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/28मार्च2026