देहरादून (ईएमएस)। प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर मुखर नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना शनिवार को 114वें दिन में प्रवेश कर गया है। इस दौरान वर्षवार भर्ती प्रणाली की बहाली को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं। यहां धरना स्थल एकता विहार में लंबे समय से जारी इस धरने व प्रदर्शन के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी और निराशा बढ़ती जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों से लंबित बैचों के कारण हजारों योग्य युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। कई अभ्यर्थी अब निर्धारित आयु सीमा को पार करने की स्थिति में पहुंच चुके हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। इस अवसर पर धरना दे रहे युवाओं ने मांग की है कि सभी लंबित बैचों को वर्षवार भर्ती प्रणाली के तहत समायोजित किया जाए और रिक्त पदों को भी इसी क्रम में भरा जाए। उन्होंने प्च्भ्ै मानकों के आधार पर पहले की तरह नियमित वर्षवार भर्ती प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की पुरजोर मांग उठाई है। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष और अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। इस दौरान धरने में मुख्य रूप से नवल पुंडीर, विकास पुंडीर, अनिल रमोला, प्रदीप, मुकेश, भास्कर, पपेंद्र, नेहा पाल, हिमांसी आर्य, पुष्पेंद्र कुमार, सूरज चंद सहित कई अन्य बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थी मौजूद रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/28 मार्च 2026