राज्य
30-Mar-2026


सतना(ईएमएस)। सतना जिले में चलती ट्रेन से एक छात्र को धक्का देकर फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बीए-एलएलबी की परीक्षा देकर मैहर लौट रहे 18 वर्षीय छात्र सत्यभान साकेत के साथ महानगरी एक्सप्रेस में नशे में धुत चार युवकों ने विवाद किया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने छात्र के साथ मारपीट की और चलती ट्रेन से धक्का देकर ट्रेन से नीचे गिरा दिया। घटना प्रेमनगर क्षेत्र के पास हुई। ट्रेन की रफ्तार अधिक नहीं होने से छात्र की जान बच गई, लेकिन उसके सिर में गंभीर चोट आई है। वह खून से लथपथ हालत में ट्रैक के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। नंदिनी परसाई/30 मार्च 2026