क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा- -सदर कोरबा अभियान” के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चलती मोटरसाइकिल पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले गिरोह को पकड़ा हैं। इस मामले में एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है। जानकारी के अनुसार सीतामणी स्टेशन रोड क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा चलती बाइक पर धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने की घटना सामने आई थी, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने 25 मार्च को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कथित आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने घटना स्वीकार कर ली हैं। जांच में कुल 6 लोग शामिल पाए गए, जिनमें एक व्यस्क सहित पांच नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6.5 इंच लंबा धारदार हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। 29 मार्च / मित्तल