क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


- धीरेंद्र शास्त्री के आगमन से भक्तों में उमड़ा उत्साह कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम बांकीमोंगरा क्षेत्र के ग्राम ढपढप में पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा का शुभारंभ हो गया। कथा वाचन के लिए बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कोरबा पहुंचते ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कथा स्थल पर हजारों भक्तों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर पहुंचकर पंडित शास्त्री ने छत्तीसगढ़ और कोरबा की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां का कोयला पूरे देश को रोशन करता है। उन्होंने माता सर्वमंगला को नमन करते हुए छत्तीसगढ़ महतारी का जयकारा भी लगाया। इस दौरान अपना घर सेवा आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने इसे प्रेरणादायक बताया। पंडित शास्त्री ने बताया कि वे 1 अप्रैल तक कोरबा में रहेंगे, जहां कथा के साथ दिव्य दरबार का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। पहले दिन कथा स्थल पर आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे। 29 मार्च / मित्तल