- मार्कोस कमांडो की शानदार जीत आगरा (ईएमएस)आगरा के St. John’s Ground पर आयोजित कैप्टन शुभम गुप्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में दर्शकों को एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में मार्कोस कमांडो टीम ने गरुड़ कमांडो को हराकर शानदार जीत दर्ज की। टूर्नामेंट का आयोजन गोल्ड जिम के संचालक मनोज यादव और रूबी मैम के नेतृत्व में किया गया। मैच का उद्घाटन अतिरिक्त आयुक्त राम बदन सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर दिवंगत कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता बसंत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे और सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विक्की बाबा की अर्धशतकीय पारी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गरुड़ कमांडो टीम की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में अनुज लवानिया आउट हो गए। इसके बाद विक्की बाबा ने पारी को संभालते हुए 48 गेंदों में 62 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। रचित मित्तल ने 29 रन, सनी मेहरा ने 13 और लकी उपाध्याय ने 10 रन का योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवर में गरुड़ कमांडो की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाने में सफल रही। मार्कोस कमांडो की आक्रामक बल्लेबाजी 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मार्कोस कमांडो टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। नितिन वर्मा ने 28 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद हरीश बिष्ट ने मात्र 20 गेंदों में नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेली। मनोज यादव (24 रन) और निकुंज (नाबाद 21 रन) ने भी अहम योगदान दिया। टीम ने 16.1 ओवर में ही 177 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में मिला मिश्रित प्रदर्शन गरुड़ कमांडो की ओर से नीरज निर्मल ने 2 विकेट झटके, जबकि सचिन, डॉ. वीपी सिंह और विक्की बाबा को 1-1 सफलता मिली। इसके बावजूद टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। दर्शकों ने लिया भरपूर आनंद पूरा मुकाबला बल्लेबाजों के नाम रहा, जिसमें चौके-छक्कों की बारिश ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हर बड़े शॉट और विकेट पर मैदान तालियों से गूंजता रहा। आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति को जीवित रखना है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया। ईएमएस