29-Mar-2026
...


खड़गपुर,(ईएमएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए स्नातकोत्तर ‘डॉक्टर ऑफ मेडिसिन’(एमडी) पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के पास औपचारिक आवेदन कर दिया है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो आईआईटी खड़गपुर देश का ऐसा पहला तकनीकी संस्थान बन जाएगा, जो स्नातकोत्तर चिकित्सा कार्यक्रम संचालित करेगा। संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने जानकारी दी कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब संबंधित मंत्रालयों के अंतिम निर्णय का इंतजार है। निदेशक के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय ने इस दूरगामी प्रस्ताव का समर्थन किया है, लेकिन अंतिम फैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के पास विचाराधीन है। इस प्रस्तावित एमडी कोर्स के लिए कुल 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। संस्थान ने शैक्षणिक तैयारियों को पुख्ता करते हुए पहले ही 20 अनुभवी चिकित्सकों की नियुक्ति कर ली है, जो छात्रों को प्रशिक्षण देंगे। इस पाठ्यक्रम में छात्रों का चयन नीट परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण डॉ. बीसी रॉय मल्टी स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में प्रदान किया जाएगा। वर्तमान में संस्थान श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल को 220 बेड वाले मिशन मोड आईपीडी अस्पताल के रूप में विस्तारित कर रहा है। इस विस्तार से न केवल छात्रों को शोध और शिक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी। वीरेंद्र/ईएमएस/29मार्च2026