29-Mar-2026
...


- महीनों से जब्त हैं गाडयि़ां, नहीं लेने आ रहे मालिक, अब कोर्ट आदेश के बाद शुरू होगी प्रक्रिया बिलासपुर (ईएमएस)। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सैकड़ों ऐसे वाहन, जो कई माह से जब्त हैं और जिन्हें मालिक लेने नहीं आए, अब नियमानुसार नीलाम किए जाएंगे। पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों में अधिकांश वे हैं जिन्हें शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया था। कई बार नोटिस देने के बावजूद वाहन मालिक सामने नहीं आए, जिसके बाद नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है। मामले की पूरी जानकारी न्यायालय को भेज दी गई है और आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट में चालान जमा कर वाहन छुड़ा सकते हैं मालिक यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों को अंतिम अवसर देते हुए अपील की है कि वे जल्द से जल्द न्यायालय में लंबित चालान की राशि जमा कर अपने वाहन वापस ले लें। कानून के अनुसार, यदि 6 माह तक कोई वाहन मालिक अपने जब्त वाहन को नहीं लेता है, तो विभाग उसे कोर्ट के आदेश पर नीलाम कर सकता है। केवल ट्रैफिक थाने में ही ऐसे सैकड़ों वाहन मौजूद हैं, जो लंबे समय से लावारिस स्थिति में खड़े हैं। नशे में ड्राइविंग पर सबसे ज्यादा कार्रवाई, 913 मामलों में केस दर्ज उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में शहर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी से अब तक पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 913 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। सभी मामलों को न्यायालय भेजा गया है, जहां आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाया गया है। हर तरह के ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्ती, आईटीएमएस से ऑनलाइन चालान भी जारी यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग और फर्जी नंबर प्लेट जैसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए भी नियम तोडऩे वालों पर ऑनलाइन चालान जारी किए जा रहे हैं, जिससे निगरानी और सख्त हो गई है। शादी-समारोह के मौसम में बढ़ा ट्रैफिक, पुलिस ने की खास अपील पुलिस ने बताया कि शादी-विवाह के सीजन में सडक़ों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। ऐसे में लापरवाही न सिर्फ चालक बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी घातक साबित हो सकती है। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और सतर्कता बरतें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। खासतौर पर नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग करने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। कई वाहन लंबे समय से जब्त हैं और उनके मालिक उन्हें लेने नहीं आ रहे हैं। ऐसे में नियम अनुसार इन वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) मनोज राज 29 मार्च 2026