रांची(ईएमएस)।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने 100 करोड़ की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री आवास पर गंभीर सवाल खड़ा किया है। रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 67 करोड़ 4 लाख 36 हजार रुपए की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री आवास का टेंडर 2 अप्रैल को अपलोड किया जाएगा जबकि 30 अप्रैल को टेंडर खुलेगा। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण कार्य पूरा होते-होते और इंटीरियर और कुर्सी समेत अन्य खर्च को जोड़कर मुख्यमंत्री का भवन लगभग 100 करोड रुपए का हो जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के भवन को शीश महल का नाम देते हुए कहा कि इसमें दो करोड रुपए का फाउंटेन लगाया जाएगा जबकि ढाई करोड रुपए गार्डन पर खर्च किए जाएंगे। मुख्य बैठक भवन विदेशी शीशे का बना होगा। शीश महल में लगने वाले टाइल्स और अन्य सामग्रीया भी विदेश से मंगाई जाएगी। आदित्य साहू ने कहा कि एक तरफ राज्य में विधवाओं और बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रहा है। किसान अपने धन के खरीद मूल्य को पाने के लिए इंतजार कर रहे हैं। बच्चों को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है और गरीब लोगों को अबुआ आवास नहीं मिल रहा वही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने लिए सौ करोड रुपए का शीश महल बनवा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने को गरीब जनता और गरीब राज्य का मसीहा बताते हैं वही अपने आवास में आते हैं वह खुद को मुगल बादशाह समझने लगते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्ववर्ती दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भी दिल्ली में शीश महल बनवाया था।अब झारखंड के मुख्यमंत्री रांची में शीश महल बनवा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि टेंडर खोलने के दिन भारतीय जनता पार्टी राज्य भर में विरोध प्रदर्शन करेगी इसके साथ ही जब तक मुख्यमंत्री का शीश महल बनेगा तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा। कर्मवीर सिंह/29मार्च/26