:: लावारिस और बेसहारा लोगों को मिलेगी निःशुल्क मदद :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन की मानवीय पहल के तहत मानव सेवा वाहन (एम्बुलेंस) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निःस्वार्थ सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और यह वाहन समाज के जरूरतमंद, लावारिस एवं असहाय व्यक्तियों की सेवा के लिए समर्पित रहेगा। यह एम्बुलेंस अग्रणी संस्था महाकाल मानव सेवा समिति को सौंपी गई है, जिसके माध्यम से लावारिस शवों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार, सड़क व ट्रेन दुर्घटनाओं में मृतकों का रेस्क्यू, लावारिस मानसिक रोगियों का उपचार और बेसहारा बुजुर्गों की सहायता जैसी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। जिला प्रशासन ने इस पुनीत कार्य में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9039759700 और 9826022033 जारी किए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी जरूरतमंद या लावारिस व्यक्ति की सूचना मिलने पर नागरिक तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें ताकि उन्हें समय पर सहायता और जीवन का सहारा मिल सके। प्रकाश/29 मार्च 2026