देवघर(ईएमएस)।गैस की किल्लत ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं देवघर में एक संस्था मुश्किल हालात में भी सेवा का दीप जलाए हुए है।सदर अस्पताल परिसर में श्रील फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करा रहा है।वर्ष 2020 से शुरू इस पहल के तहत संस्था हर दिन सुबह और शाम मिलाकर करीब 300 लोगों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन करा रही है।इन दिनों गैस की भारी किल्लत के कारण भोजन बनाना चुनौती बन गया है लेकिन फाउंडेशन से जुड़ी महिलाओं ने हार नहीं मानी।अब लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकरई सेवा को लगातार जारी रखा जा रहा है। संस्था ने बताया कि फिलहाल भोजन करने वालों को सामान्य पानी पिलाया जा रहा है। ऐसे में बैंकों और बड़े संस्थानों से अपील की गयी है कि यहां एक आरओ सिस्टम लगवाने में सहयोग करें, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल भी मिल सके।फाउंडेशन ने शहरवासियों, दानदाताओं और संस्थानों से खाद्य सामग्री और आर्थिक सहयोग की अपील की है, ताकि यह सेवा निरंतर चलती रहे।संस्था के सचिव राकेश वर्मा ने कहा कि गैस नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है लेकिन हम सेवा नहीं रोक सकते, इसलिए अब लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहे हैं।शहरवासियों के सहयोग से ही यह काम चल रहा है। जबकि संयुक्त सचिव महिमा देवी ने कहा कि यह सेवा पूरी तरह लोगों के सहयोग पर आधारित है। हम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आएं ताकि जरूरतमंदों को लगातार भोजन मिल सके। कर्मवीर सिंह/29मार्च/26