:: हर 150 कि.मी. पर एयरपोर्ट और 45 कि.मी. पर हेलीपैड का लक्ष्य; अमेरिकी काउंसिल ने इंदौर को दिया क्वालिटी सर्टिफिकेट :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक टर्मिनल-1 का लोकार्पण कर मालवांचल को बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विमानन क्षेत्र का कायाकल्प हो चुका है और अब हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज की यात्रा कर रहा है। इंदौर की बेहतरीन हवाई सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मान्यता देते हुए अमेरिकी क्वालिटी काउंसिल ने क्वालिटी सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन से सम्मानित किया है, जिसे मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंपा। :: 50 करोड़ की लागत : वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस हुआ टर्मिनल :: इंदौर पुनर्संरचना परियोजना के तहत करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से पुराने टर्मिनल का कायाकल्प किया गया है। - क्षमता विस्तार : 6000 वर्गमीटर में फैला यह टर्मिनल अब प्रति घंटे 400 यात्रियों को संभालने में सक्षम है। - सालाना यात्री क्षमता : इस नए विस्तार के बाद एयरपोर्ट की वार्षिक क्षमता 15 लाख (1.5 एमएमपीए) हो गई है। - अत्याधुनिक ढांचा : टर्मिनल में 14 चेक-इन काउंटर, 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 150 वाहनों की पार्किंग और 18 उड़ानों के सुचारू संचालन की सुविधा मिलेगी। :: जनता को बड़ी राहत : 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में नाश्ता :: आम यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ने उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत की। इस कैफे में यात्रियों को मात्र 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए एक विशाल वेटिंग एरिया भी विकसित किया गया है। :: सरकार का विजन : 10 एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक हब बनता एमपी :: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के विमानन क्षेत्र का भविष्य का रोडमैप साझा करते हुए कहा: - नेटवर्क का विस्तार : वर्तमान में 8 एयरपोर्ट हैं, रीवा, सतना और दतिया के बाद अब उज्जैन और शिवपुरी में भी एयरपोर्ट की तैयारी है, जिससे संख्या 10 हो जाएगी। - कनेक्टिविटी लक्ष्य : सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में हर 150 किमी पर कमर्शियल एयरपोर्ट, हर 75 किमी पर एयरस्ट्रिप और हर 45 किमी पर हेलीपैड की सुविधा हो। - लॉजिस्टिक हब : रेल, रोड (एक्सप्रेस-वे) और हवाई सेवाओं के विस्तार से मध्य प्रदेश देश का प्रमुख लॉजिस्टिक हब बनने की ओर अग्रसर है। :: गरिमामयी उपस्थिति :: वर्चुअल माध्यम से जुड़े केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने इंदौर की प्रगति की सराहना की। कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, उषा ठाकुर सहित संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और कलेक्टर शिवम वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। प्रकाश/29 मार्च 2026