:: सिंहासा आईटी पार्क में आईआईटी इंदौर और एमपीएसईडीसी का साझा प्रयास; 2047 तक प्रदेश को वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के सिंहासा स्थित आईटी पार्क में “लॉन्चपैड : इन्क्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर” का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विजन साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर है। प्रदेश का युवा अब केवल नौकरी की तलाश नहीं कर रहा, बल्कि आईटी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से सफल स्टार्टअप कर दूसरों को रोजगार देने वाला उद्यमी बन रहा है। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप वर्ष 2047 तक मध्य प्रदेश स्टार्टअप और नवाचार को अपनाकर उद्यमिता का वैश्विक हब बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बदलते वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के कारण दुनिया की तस्वीर बदल रही है। आज के युग में व्यक्ति की पहचान उसके ज्ञान और कौशल से होती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नवीन तकनीकी को अपनाएं और सफल उद्यमी बनें। लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं द्वारा निर्मित अत्याधुनिक मशीनों का अवलोकन किया। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष इस सेंटर का भूमि पूजन किया गया था और आज इसे साकार होते देख अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। :: आईआईटी इंदौर का तकनीकी सहयोग :: आईआईटी इंदौर के निदेशक सुभाष एस. जोशी ने केंद्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस सेंटर की स्थापना आईआईटीआई दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन (आईआईटी इंदौर का रिसर्च पार्क) और मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीएसईडीसी) के संयुक्त सहयोग से की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य डीप-टेक नवाचार को प्रोत्साहित करना और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में प्रदेश को सशक्त बनाना है। :: युवाओं से संवाद और रोजगार की अपील :: कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप शुरू करने वाले युवा उद्यमियों से सीधा संवाद किया और उनके प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली। उन्होंने आईटी क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए अपील की कि वे अपनी इकाइयों में स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है, जिसमें युवाओं की आधुनिक सोच का बड़ा योगदान है। समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, उषा ठाकुर, मनोज पटेल, सावन सोनकर, सुमित मिश्रा सहित संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रकाश/29 मार्च 2026