क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). शहर में ईसाई समुदाय द्वारा खजूर की डालियां लेकर एक धार्मिक रैली श्रद्धा और आस्था के साथ निकाली गई। यह रैली मेथोडिस्ट चर्च से प्रारंभ होकर आंबेडकर चौक तक पहुंची और पुन: चर्च में संपन्न हुई। मेथोडिस्ट चर्च बालाघाट के पास्टर इंचार्ज फादर सुरेश कुमार ने बताया कि यह रैली प्रभु यीशु मसीह के येरुसलेम प्रवेश की स्मृति में निकाली जाती है। करीब दो हजार वर्ष पूर्व जब प्रभु यीशु कुर्बानी के लिए येरुसलेम पहुंचे थे, तब लोगों ने खजूर की डालियों और अपने वस्त्र बिछाकर उनका स्वागत किया था। उसी परंपरा को स्मरण करते हुए यह आयोजन किया जाता है। रैली के दौरान श्रद्धालु हाथों में खजूर की डालियां लेकर भजन-प्रार्थना करते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। इस अवसर पर चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें देश, प्रदेश और बालाघाट जिले में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग शामिल हुए और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण व गरिमामय ढंग से संपन्न किया गया। भानेश साकुरे / 29 मार्च 2026