क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


पार्षद और रहवासियों के विरोध के बाद की गई कार्रवाई रिहायशी क्षेत्र में दुकान खोलने पर उठे थे सवाल बालाघाट (ईएमएस). जिले के लांजी क्षेत्र के भिलाई रोड में फरार आरोपी की जमीन पर बन रही शराब दुकान के टीन शेड को प्रशासन ने हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई राजस्व, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, बहुचर्चित डबल मनी प्रकरण के फरार आरोपी सोमेन्द्र कंकरायने के परिवार की जमीन पर बिना नगर परिषद की एनओसी के शराब दुकान खोलने के उद्देश्य से टीन शेड का निर्माण किया जा रहा था। यह जमीन पहले से ही निगरानी में और खरीदी-बिक्री के लिए प्रतिबंधित बताई जा रही है। इस मामले में क्षेत्रीय पार्षद सौरभ मोनू पशीने, पूनम शरद आसटकर, मुकेश रणदिवे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने एसडीएम से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में बताया गया कि प्रस्तावित स्थल घने रिहायशी इलाके में स्थित है, जहां पास ही बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा, एक निजी स्कूल और करीब 150 मीटर दूरी पर मां गायत्री मंदिर मौजूद है। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण बिगडऩे और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पडऩे की आशंका जताई गई। शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार, नगर परिषद सीएमओ मयूर वाहने, राजस्व अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बिना किसी वैध अनुमति के लोहे का ढांचा खड़ा किया जाना पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए अवैध टीन शेड को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी दीप सिंह परमार, नगर परिषद अमला, आरआई, पटवारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए यह सख्त संदेश माना जा रहा है। भानेश साकुरे / 29 मार्च 2026