राष्ट्रीय
30-Mar-2026
...


चैन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु की राजनीति में चुनावी सरगर्मी के बीच रविवार को एक बेहद दिलचस्प और चर्चाओं से भरी तस्वीर सामने आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान जब दोपहर करीब 1:30 बजे कोयंबटूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, तो वहां उनके स्वागत के लिए भाजपा और एआईएडीएमके के कई दिग्गज नेता मौजूद थे। हालांकि, इस औपचारिक स्वागत समारोह में प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, स्वागत करने वाले नेताओं की सूची में अन्नामलाई का नाम प्रमुखता से शामिल था, लेकिन उनके एयरपोर्ट न पहुंचने से गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान की अटकलें तेज हो गई हैं। इस घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण देते हुए भाजपा नेता वनाथी श्रीनिवासन ने मीडिया से कहा कि अन्नामलाई का नाम निर्धारित सूची में था, लेकिन वे किन कारणों से नहीं आ सके, इसकी जानकारी उनसे ली जाएगी। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार करते हुए जोर दिया कि सभी नेता एकजुट हैं और उम्मीदवारों के चयन का अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत करने वालों में नैनार नागेंद्रन, एल मुरुगन और वनाथी श्रीनिवासन के साथ सहयोगी दल एआईएडीएमके के नेता एस.पी. वेलुमणि भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए चुनावी प्रचार के लिए केरल रवाना हो गए। इस मौके पर एआईएडीएमके नेता वेलुमणि ने आत्मविश्वास जताते हुए दावा किया कि उनका गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में 210 से अधिक सीटें जीतेगा। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों से जनता परेशान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य मुकाबला केवल एआईएडीएमके और डीएमके के बीच है। दूसरी ओर, मदुरै के पास पलानी में भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी आक्रोश देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि पलानी विधानसभा सीट, जो वर्तमान समझौते के तहत एआईएडीएमके को दी गई है, उसे वापस भाजपा के खाते में लाया जाए। करीब आधे घंटे तक चली गहमागहमी के बाद मुरुगन ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी भावनाओं से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। तमिलनाडु में गठबंधन की राजनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर उपजा यह असंतोष आने वाले दिनों में बड़ी चुनौती बन सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/30मार्च2026