मुंबई (ईएमएस)। 71 साल की उम्र में भी बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर न सिर्फ एक्टिंग में सक्रिय हैं, बल्कि अपने स्टाइल और व्यक्तित्व से भी चर्चा में बने रहते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हाल ही में उन्होंने अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह रेड कलर के फॉर्मल आउटफिट में बेहद स्टाइलिश नजर आए। इन तस्वीरों के साथ अनुपम खेर ने मजाकिया लेकिन आत्मविश्वास से भरा संदेश भी साझा किया। उन्होंने फॉर्मल वियर ब्रांड्स को खुला ऑफर देते हुए कहा कि वह मॉडलिंग के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए लिखा कि वह एक साधारण परिवार से आते हैं, जहां एक अच्छी शर्ट होना भी कभी लग्जरी जैसा लगता था। ऐसे में आज खुद को इस अंदाज में देखना उनके लिए खास अनुभव है। अनुपम ने आगे कहा कि अब जब वह अपनी फॉर्मल तस्वीरों को देखते हैं, तो उन्हें महसूस होता है कि उन्होंने खुद को समय के साथ बेहतर तरीके से निखारा है। उन्होंने यह भी लिखा कि 71 की उम्र में वह खुद को ‘सेक्सी, एलिगेंट और कंफर्टेबल’ महसूस करते हैं, और उनके अनुसार यही सबसे बेहतरीन आउटफिट है जिसे कोई भी पहन सकता है। उनका यह अंदाज दर्शाता है कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच उम्र की सीमाओं से कहीं आगे होती है। अपने खास ह्यूमर के साथ उन्होंने ब्रांड्स को संदेश देते हुए कहा कि अगर कोई कंपनी 71 साल के ‘युवा’ मॉडल की तलाश में है, जो अनुभव, आत्मविश्वास और थोड़ा स्वैग लेकर आए, तो वह इसके लिए उपलब्ध हैं। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और लोग उनके आत्मविश्वास की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर जल्द ही खोसला का घोसला 2 में नजर आएंगे। सुदामा/ईएमएस 31 मार्च 2026