मनोरंजन
31-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्राफ ने फिल्म से जुड़ी यादों को एक बार फिर ताजा किया। लोकप्रिय एक्शन-कॉमेडी फिल्म एक और एक ग्यारह ने रिलीज के 23 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर जैकी दादा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फिल्म के कई पुराने और यादगार दृश्य शामिल थे। इसके साथ उन्होंने लिखा कि इस फिल्म को 23 साल पूरे हो गए हैं। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त और गोविंदा की जोड़ी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था। दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री और कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने खूब सराहा था। फिल्म में जैकी श्रॉफ ने मेजर राम सिंह का किरदार निभाया था, जो भले ही सहायक भूमिका थी, लेकिन काफी प्रभावशाली साबित हुई। इसके अलावा अम्रता अरोरा, नंदिनी सिंह, गुलशन ग्रोवर और राजपाल यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म को मुक्ता आर्टस लिमिटेड के बैनर तले रिलीज किया गया था और इसकी कहानी दो ठगों तारा और सितारा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें गोविंदा और संजय दत्त ने निभाया था। कहानी में दोनों किरदार गलती से एक खतरनाक अपराधी कोबरा, जिसका रोल आशीष विदयार्थी ने निभाया था, को पुलिस के हवाले कर देते हैं, जिसके बाद घटनाओं की मजेदार और रोमांचक श्रृंखला शुरू होती है। फिल्म का संगीत शंकर-एहसान-लाय ने तैयार किया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। ‘ओ दुश्मना’, ‘बेईमान मोहब्बत’ और टाइटल ट्रैक ‘एक और एक ग्यारह’ जैसे गाने आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। खासकर टाइटल सॉन्ग ने दर्शकों के दिलों में अलग जगह बनाई थी। कॉमेडी, एक्शन और स्टारकास्ट के दम पर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी सफलता हासिल की थी। सुदामा/ईएमएस 31 मार्च 2026