अंतर्राष्ट्रीय
31-Mar-2026


वाशिंगटन(ईएमएस)। ईरान के साथ जारी सैन्य संघर्ष के बीच व्हाइट हाउस ने एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए युद्ध की समाप्ति और कूटनीतिक समाधान की उम्मीद जताई है। सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट और ऊर्जा ढांचे पर संभावित हमलों को टालने के लिए 10 दिनों की मोहलत दी है। व्हाइट हाउस ने इसे ईरान के लिए एक दुर्लभ अवसर करार दिया है। लेविट ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि ईरान इस समझौते के मौके को गंवाता है, तो अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है और राष्ट्रपति के पास शासन को भारी कीमत चुकाने के लिए मजबूर करने के सभी सैन्य विकल्प खुले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रूप से बातचीत से इनकार करना ईरानी शासन की मजबूरी हो सकती है, लेकिन जमीनी हकीकत और निजी संवाद बिल्कुल अलग हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने प्रेस ब्रीफिंग में दावा किया कि सार्वजनिक मंचों पर सख्त बयानबाजी के बावजूद, ईरान का वर्तमान नेतृत्व अमेरिका के साथ बातचीत करने के लिए बेहद उत्सुक है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर इन दावों को तवज्जो नहीं दी है और संदेशों के आदान-प्रदान के लिए केवल बिचौलियों के इस्तेमाल की बात कही है, लेकिन व्हाइट हाउस का मानना है कि ईरान का इनकार केवल एक रणनीतिक दिखावा और भ्रम फैलाने की कोशिश है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध संबंधी विजन को स्पष्ट करते हुए लेविट ने बताया कि इस सैन्य ऑपरेशन की समय-सीमा पहले ही तय कर दी गई थी। ट्रंप के अनुसार, ईरान में यह अभियान कुल चार से छह हफ्ते तक चलना था और आज युद्ध के 30वें दिन भी वे इसी आकलन पर कायम हैं। एक रिपोर्टर के सवाल का जवाब देते हुए लेविट ने कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित कर रहा है कि वे जिन लोगों से बात कर रहे हैं, वे वास्तव में प्रभावी हैं। उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा ईरानी प्रतिनिधि पिछले नेताओं की तुलना में अधिक समझदार प्रतीत हो रहे हैं और पर्दे के पीछे सकारात्मक संवाद चल रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/31मार्च2026