लाहौर (ईएमएस)। पाकिस्तान सुपरलीग (पीएसएल) में : होटल की सुरक्षा में सेंध के मामले में जहां लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी पर भारी जुर्माना लगाया गया है। वहीं इस मामले में शामिल रहे जिम्बाब्वे के खिलाड़ी सिकंदर रजा ने कहा है कि इसमें शाहीन नहीं बल्कि मैं दोषी हूं। शाहीन पर आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों के मना करने के बाद भी वह अपने चार दोस्तो को होटल के अंदर ले गये थे। इसी कारण पाक क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शाहीन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं रजा ने अफरीदी का बचाव करते हुए कहा है कि पूरी गलती मेरी हैं। रजा भी पीएसएल में लाहौर कलंदर्स की टीम से खेल रहे हैं। पंजाब पुलिस की तरफ से पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर के लिखे गए पत्र में सिकंदर रजा और शाहीन शाह अफरीदी पर होटल के सुरक्षा मानकों को तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया गया है। रजा ने आरोपों को खारिज करते हुए सफाई दी है कि जो 4 मेहमान होटल आए थे वे लंबे समय से उनके दोस्त और परिवार के सदस्य की तरह हैं। रजा ने शाहीन का बचाव करते हुए कहा कि मैंने ही शाहीन से कहा था कि उनके दोस्तों को अंदर लाने में सहायता करें। उनके मुताबिक शाहीन ने तो केवल उनकी सहायता की थी। रजा ने कहा, मेरे दोस्त और परिवार वाले आए थे और मेरे अनुरोध पर शाहीन ने उनकी सहायता की। अगर ये सब सुरक्षा मानक हैं तो मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। और कुछ हद तक शाहीन भी इस बात को नहीं जानते थे। यहां दोषी तो मैं हूं, शाहीन नहीं। वह मेरे अनुरोध पर नीचे आए थे क्योंकि वहां करीबी लोग थे। मैं उनसे बिजनस सेंटर में नहीं मिलना चाहता था। हम ऊपरी मंजिल पर 40 मिनट तक बैठे थे। ईएमएस 31 मार्च 2026