ट्रेंडिंग
31-Mar-2026
...


कन्नूर,(ईएमएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार करते हुए बड़ा आरोप लगाया और कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) जीते। इसी के साथ ही उन्होंने भाजपा और एलडीएफ में गुप्त चुनावी गठबंधन की ओर इशारा किया। दरअसल मंगलवार 31 मार्च को कन्नूर में आयोजित चुनावी रैली में राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) एलडीएफ और भाजपा के गठबंधन की ताकत से मुकाबला कर रहा है। रैली में सीपीआई(एम) के पूर्व नेता वी कुन्हीकृष्णन और टी के गोविंदन भी मंच पर मौजूद थे, जो यूडीएफ के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। यहां राहुल गांधी ने इस चुनाव को विचारधाराओं की लड़ाई बताया और कहा कि पहली बार वह वाम मोर्चा और भाजपा के बीच असामान्य गठबंधन देख रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कैसे एक वामपंथी दल और एक दक्षिणपंथी दल साथ आ सकते हैं, जबकि दोनों की विचारधाराएँ बिल्कुल विपरीत हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में वाम मोर्चा अब जनता की नहीं बल्कि कॉरपोरेट पार्टियों का सहयोगी बन गया है, और यही कारण है कि उनका गठबंधन भाजपा के साथ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वामपंथी विचारधारा वाले लोग अब कांग्रेस के साथ हैं और पार्टी उनका समर्थन कर रही है। भाजपा के रुख पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अन्य राज्यों में धर्म और मंदिरों के मुद्दे उठाते हैं, लेकिन केरल में सबरीमाला सोने की चोरी के मामले पर चुप्पी साध रहे हैं, क्योंकि उनका उद्देश्य एलडीएफ को सत्ता में बनाए रखना है। हिदायत/ईएमएस 31मार्च26