- गैस बुकिंग के नाम घर फर्जी कॉल, लिंक, एपीके फाइल से कर रहे धोखाधड़ी भोपाल(ईएमएस)। इन दिनो जारी ईरान-इजराइल,अमेरिका जंग के दौरान देश भर में घरेलू गैस के लिये आमजन परेशान नजर आ रहे है। इसी का फायदा उठाते हुए सायबर फरेबियो ने भी लोगो को ठगने का नया हथियार अपना लिया है। जारी जंग के बीच ही साइबर ठगोरे गैस बुकिंग के नाम घर फर्जी कॉल, लिंक और एपीके फाइल भेज कर धोखाधड़ी कर रहे है। गैस बुकिंग के नाम पर ठगी की शिकायतें सामने आने पर ऐसे फ्रॉड से बचने के लिये साइबर क्राइम, पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा एडवायजरी जारी की गई है। - इस तरह हासिल करते है बैंक डिटेल, यूपीआई जारी एडवाइजरी में बताया गया है की गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर साइबर अपराधियों की गतिविधियाँ बढ़ी हैं। ठग फोन कॉल, एसएमएस और व्हॉट्सएप संदेशों के माध्यम से फर्जी लिंक या नकली एपीके फाइल भेजकर आम नागरिकों को धोखा देने का प्रयास कर रहे हैं। इन लिंक या ऐप पर क्लिक करने से व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल और यूपीआई से जुड़ी संवेदनशील जानकारी अपराधियों के हाथ लग सकती है। - बचने के लिये यह रखे सावधानियां गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ग्राहक सेवा नंबर के माध्यम से ही करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात स्रोत से मिली एपीके फाइल कभी डाउनलोड न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल, यूपीआई पिन या पासवर्ड किसी भी कॉल या मैसेज पर शेयर न करें। - संदेह होने पर तुंरत करे शिकायत संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलने पर तुरंत ही अपनी गैस एजेंसी और साइबर क्राइम हेल्पलाइन (1930) पर रिपोर्ट करें। मोबाइल में केवल भरोसेमंद ऐप ही इंस्टॉल करें और उन्हें हमेशा प्ले स्टोर या एप स्टोर से ही डाउनलोड करें। - यदि आप शिकार हो जाएं यह करें यदि आप असावधान रहते हैं, तो ठगो के जाल में फंसकर आप न केवल आर्थिक नुकसान उठा सकते हैं, बल्कि मानसिक और सामाजिक उत्पीड़न का भी शिकार हो सकते हैं। किसी भूल या गलती के कारण आप जालसाजो के जाल में फंस जायें तो घबरायें नहीं फौरन ही इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज करायें। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है की अपनी निजी जीवन से जुडे कई मामलो में साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें। आपकी सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी तरह की सायबर काईम संबंधित घटना होने पर इसकी सूचना भोपाल सायबर क्राइम के हेल्पलाइन नम्बर 9479990636 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाईन नंबर 1930 पर दें। जुनेद / 31 मार्च