क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


बलौदाबाजार(ईएमएस)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में इन दिनों कारों से बैटरी चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला गौरव पथ इलाके का है, जहां सोमवार रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया। चोरों ने पहले कार का शीशा तोड़ा और फिर बोनट खोलकर बैटरी पार कर दी। सुबह जब वाहन मालिक ने अपनी गाड़ी देखी तो वह क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जिसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इलाके में कांग्रेस के दिवंगत नेता रूपेश ठाकुर सहित अन्य लोगों की कारों के शीशे तोड़कर बैटरी चोरी की जा चुकी है। लगातार हो रही इन वारदातों से रहवासियों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, नागरिकों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)31 मार्च 2026