राज्य
01-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के नंद नगरी के ताहिरपुर स्थित लेप्रोसी कॉलोनी (कोढ़ी कॉलोनी) में पति-पत्नी के बीच किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। इस बीच खबर मिलने के बाद पत्नी का भाई अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। आरोपी ने अपने जीजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बाद में वह फरार हो गया। गंभीर हालत में पीड़ित नीरज कुमार (30) को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान नीरज की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी साले रमेश (20) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस इसके बाकी दोस्तों की तलाश कर रही है। वारदात की सूचना मिलने मिलने के बाद मौके पर पहुंची क्राइम टीम व एफएसएल ने साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने नीरज की पत्नी तारा के बयान भी दर्ज किए हैं। तारा का कहना है कि उसने अपने भाई को रोकने का खूब प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद नीरज का शव परिवार के हवाले कर दिया। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि नीरज अपने परिवार के साथ ताहिरपुर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता विष्णु दयाल, छोटा भाई मोहित के अलावा पत्नी तारा, 9 और 5 वर्ष व तीन माह की बेटियां हैं। नीरज टेंट का काम करता था। 11 साल पहले उसकी लेप्रोसी कालोनी निवासी तारा से शादी हुई थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ अप्रैल /2026