राष्ट्रीय
01-Apr-2026


लुधियाना,(ईएमएस)। पंजाब के लुधियाना जिले के जोधन गांव में एक अवैध पटाखा निर्माण फैक्टरी में हुए जोरदार धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एसपी (मुल्लनपुर) ने बताया कि शुरुआती जांच से यह बात सामने आई है कि इमारत में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कैफ शाह के रूप में हुई है और दो घायलों में अलीशा (16) भी शामिल है। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कहा कि ऐसी जानकारी मिली थी कि इमारत में एक सिलेंडर में धमाका हुआ है। पुलिस ने बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक ने बताया कि धमाके के बाद इमारत की छत भी गिर गई। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फैक्टरी के अवैध होने के पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद अवैध रूप से चल रहे गोदामों और निर्माण इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26