राष्ट्रीय
01-Apr-2026
...


जिला प्रशासन ने कार्रवाई कर 10 दुकानों को किया सील मोतिहारी,(ईएमएस)। पूर्वी चंपारण के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदापुर, बनकटवा और घोड़ासहन में कई खाद दुकानों और गोदामों को सील कर दिया। इस कार्रवाई में सैकड़ों बोरी यूरिया जब्त किया गया है, जिसे कालाबाजारी और सीमा पार तस्करी के लिए छिपाकर रखा गया था। जांच में सामने आया कि यह खाद कालाबाजारी के जरिए नेपाल भेजने की तैयारी में थी। सशस्त्र सीमा बल यानी एसएसबी ने भी महुआवा इलाके में 55 बोरी यूरिया जब्त नेटवर्क का खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा इलाके में यूरिया की कालाबाजारी लगातार हो रही है। जिला प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा के आदापुर, बनकटवा और घोड़ासहन इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई गोदामों को सील किया है। वहीं, ढाका और घोड़ासहन में सख्ती जिला प्रशासन की टीम ने ढाका प्रखंड की करीब एक दर्जन खाद दुकानों को सील किया है। दूसरी ओर घोड़ासहन में 300 बोरी यूरिया, जिसे कालाबाजारी के लिए गोदाम में छुपाकर रखा था, उसे भी जब्त किया है। भारत-नेपाल सीमा इलाके में खाद की तस्करी की खबरें मीडिया में आने के बाद जिला प्रशासन की टीम हरकत में आई, जिन दुकानों पर कार्रवाई हुई उनमें यादव खाद भंडार, ओम साईं कृषि केंद्र, विकास खाद भंडार, चौधरी खाद भंडार, रमेश खाद भंडार, महालक्ष्मी खाद भंडार, दुर्गा खाद भंडार और साहू इंटरप्राइजेज शामिल हैं। इन सभी दुकानों की जांच की गई और इसके बाद सील कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि लगातार मीडिया में आ रही खबरों और शिकायतों के बाद यह संयुक्त अभियान चलाया गया। फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य संदिग्ध ठिकानों की भी पहचान की जा रही है। बता दें जिला प्रशासन की यह कार्रवाई एक शुरुआत जरूर है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतने लंबे समय से यह खेल कैसे चलता रहा। जब तक निगरानी और जवाबदेही मजबूत नहीं होगी, तब तक सीमावर्ती इलाकों में ऐसी कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल होगा। अब देखना होगा कि यह अभियान सिर्फ छापेमारी तक सीमित रहता है या पूरे नेटवर्क पर स्थायी प्रहार होता है। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26 ---------------------------------