अंतर्राष्ट्रीय
01-Apr-2026


-इस सीक्रेट विजिट में हेगसेथ बड़े हमले की तैयारी करके आए, वहां बेहतरीन योद्धा तैनात वाशिंगटन,(ईएमएस)। मिडिल ईस्ट की जंग में अमेरिका एक बार फिर से कंफ्यूज है। एक तरफ ट्रंप और उनकी सेना मिलकर पीस टॉक की बात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ ईरान पर हमले की तैयारी की जा रही है। हालांकि, ट्रंप और उनके रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ लगातार मीडिया के साथ बात कर रहे हैं। बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में हेगसेथ ने खुलासा किया कि पिछले हफ्ते वो खुद मिडिल ईस्ट दौरे पर पहुंचे थे, इस सीक्रेट विजिट में वह ट्रंप के आदेश पर एक बड़े हमले की तैयारी करके आए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अज्ञात इलाके में हेगसेथ का दौरा ऐसे वक्त पर हुआ है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ एक बड़े ‘ग्राउंड इन्वेजन’ यानी जमीनी हमले का आदेश देने की तैयारी में हैं। हेगसेथ ने सुरक्षा कारणों से उन ठिकानों के नाम बताने से मना कर दिया जहां वे गए थे, ताकि वे ईरान के निशाने पर न आ जाएं। उन्होंने बताया कि ये दौरा पूरी तरह से सरप्राइज था और सैनिकों को उनके आने की भनक तक नहीं थी। उन्होंने कहा कि ये दौरा मेरे लिए सम्मान की बात थी। मैंने वहां अमेरिका के दुनिया के सबसे बेहतरीन योद्धाओं को देखा, एक ऐसा ब्रदरहुड जो अपने मिशन के प्रति पूरी तरह समर्पित था। हेगसेथ ने ईरान को मनोवैज्ञानिक चेतावनी दे डाली। उन्होंने कहा कि आप तब तक युद्ध नहीं जीत सकते जब तक आप अपने दुश्मन को ये बताते रहें कि आप क्या करने वाले हैं या क्या नहीं। हमारा दुश्मन इस वक्त सोच रहा होगा कि हम 15 अलग-अलग तरीकों से उन पर जमीनी हमला कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पेंटागन ईरान में हफ्तों तक चलने वाले जमीनी ऑपरेशनों की तैयारी कर रहा है, जिसमें हजारों सैनिक और मरीन शामिल हो सकते हैं। इस बीच, अमेरिका ने ईरान के उस हथियार डिपो पर भीषण हवाई हमला किया है, जहां एनरिच्ड यूरेनियम रखे होने का शक था। ट्रंप ने खुद ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस्फहान में हुए हमले का वीडियो शेयर किया है, जिसमें 2,000 पाउंड के बंकर-बस्टर बम रात के अंधेरे में तबाही मचाते दिख रहे हैं। खबरें है कि ट्रंप ईरान के भीतर अपनी ‘स्पेशल फोर्सेस’ भेजकर इस्फहान जैसे ठिकानों से यूरेनियम का भंडार जब्त करने की योजना बना रहे हैं। नासा के सैटेलाइट डेटा ने भी इस्फहान के पास माउंट सोफेह इलाके में भीषण आग और धमाकों की पुष्टि की है। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26