रायगढ़(ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का मैदानी निरीक्षण किया। आयुक्त ने सभी हितग्राहियों और ठेकेदारों को निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उन घरों का दौरा किया, जिनका निर्माण धीमी गति से चल रहा था या बंद हो गया था। उन्होंने हितग्राहियों को स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं किया गया, तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान संपर्क किए गए हितग्राही - रविशंकर चौहान,दुर्जन सिंह चौहान,सुशीला भारती,संध्या भारद्वाज,जगदीश पांडे,विष्णु शर्मा,निर्मला बंजारे इसके अलावा, आयुक्त ने ढिमरापुर चौक, मुख्य मार्ग और कार्मेल स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे नाली निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया। कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया और संबंधित अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा कि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। आयुक्त ने अंत में सभी संबंधित पक्षों को निर्धारित समय पर सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01अप्रैल 2026