- 5000 रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम श्री रमेन डेका कोरबा जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े एक भव्य आयोजन में शिरकत की। महामहिम राज्यपाल कटघोरा विकासखंड के ग्राम ढपढप-बांकीमोंगरा में आयोजित ‘दिव्य श्री हनुमंत कथा’ एवं ‘108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। * सामूहिक विवाह में नवदम्पत्तियों को मिला स्नेह महामहिम राज्यपाल ने कार्यक्रम में पहुँचकर विवाह बंधन में बंधे सभी 108 जोड़ों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल और सुखमय भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को सम्मान स्वरूप 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। * पंडित धीरेंद्र शास्त्री से की सौजन्य भेंट-मुलाक़ात आयोजन के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम) भी उपस्थित थे। राज्यपाल महामहिम श्री रमेन डेका और श्री धीरेंद्र शास्त्री के बीच सौजन्य भेंट-मुलाक़ात हुई, जहाँ उन्होंने आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा की। उक्त कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। इस अवसर पर कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और आयोजन समिति के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। राज्यपाल ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धन और दिव्यांग कन्याओं के विवाह का यह पुनीत कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है। 01 अप्रैल / मित्तल