01-Apr-2026


- :: रिंग रोड पर सीएंडडी वेस्ट मिलने पर चालानी कार्रवाई के निर्देश; उपयंत्रियों को समय पर फील्ड में आने की चेतावनी :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज प्रातः शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर मैदानी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान झोन क्रमांक 10, 11 एवं 19 के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हुए आयुक्त ने सफाई कार्यों की गुणवत्ता जांची। इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और समय पर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने वाले उपयंत्रियों (सब-इंजीनियर्स) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान रिंग रोड क्षेत्र में मलबे (सीएंडडी वेस्ट) के ढेर पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल मलबा हटाने और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में झोन 19 के वार्ड 50 अंतर्गत पिपल्याहाना से कृषि महाविद्यालय के मध्य सफाई व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया, जहाँ सफाई कार्य में पाई गई कमियों को दूर करने हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। :: लाइव लोकेशन साझा करने के निर्देश :: आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सफाई मित्र और फील्ड स्टाफ निर्धारित समय पर अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान अपनी लाइव लोकेशन साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई भी कर्मचारी या अधिकारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया या फील्ड में देरी से पहुँचा, तो उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश/01 अप्रैल 2026