भोपाल(ईएमएस)। मिसरोद इलाके में गर्भवती महिला और उसके पति ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर रकम वसूलने और दुर्व्यवाहर करने के आरोप लगाए है। महिला अपने पति के साथ जांच के लिए अस्पताल जा रही थी, रास्ते में चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। पति आयुष श्रीवास्तव का आरोप है, कि ओवरस्पीड का कहते हुए पहले उनसे पांच हजार रुपये की मांग की लेकिन बाद में जबरन उनके पास रखे 760 रुपये ले लिए गए और कोई रसीद भी नहीं दी गई। आयुष श्रीवास्तव का आरोप है कि 30 मार्च को पत्नी सविता को पेट दर्द होने पर वह अपने 5 वर्षीय बेटे के साथ एम्स अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में सब-इंस्पेक्टर एसएन यादव और उनकी टीम ने उनका वाहन रोक लिया। उन्होंने स्थिति समझाते हुए जल्द जाने की बात कही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने एक न सुनी और कथित रूप से दुर्व्यवहार करते हुए अपशब्द कहे। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी ट्रैफिक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियो ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जुनेद / 1 अप्रैल