बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के रतनपुर क्षेत्र में बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। पहले कोटा-रतनपुर मार्ग पर लखनी देवी मंदिर के पास बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की पीठ में गंभीर चोट आई है। वहीं, रात में हमलावरों ने चलती कार में पथराव कर दिया, जिससे कार के सामने बैठी युवती बुरी तरह से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना में कोटा के श्रीपारा निवासी अजय धु्रव अपने दोस्त राहुल सिदार और रोहित धुर्वे के साथ रतनपुर के पास ग्राम घासीपुर में शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां से वो दोस्तों के साथ लौट रहा था। लखनीदेवी मंदिर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार 4 युवकों ने उनकी बाइक को खतरनाक तरीके से कट मार दिया। जब पीडि़त युवकों ने इस पर आपत्ति जताई तो बात अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों युवक गाली-गलौज पर उतर आए और फिर सडक़ पर ही मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान युवकों ने चाकू से अजय पर वार कर दिए और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घायल युवक को कोटा सीएचसी में शुरुआती इलाज कराया गया। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी सोशल मीडिया से मिली है। वहीं, कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि प्रार्थी की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। चलती कार में पत्थरबाजी, युवती गंभीर दूसरी घटना भी रतनपुर थाना क्षेत्र की है। रितिका सिंह अपने परिवार के साथ सोमवार रात मध्यप्रदेश के पुष्पराजगढ़ जा रही थीं। अभी उनकी कार बादल महल के पास पहुंची थी। तभी बदमाशों ने चलती कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में कार सवार घबरा गए, कार चालक को भी कुछ समय में नहीं आ रहा था। तेजी के साथ हो रहे पथराव के बीच एक बड़ा सा पत्थर कार के खिडक़ी पर लगे कांच को तोड़ते हुए ड्राइवर के बाजू सीट पर बैठी रितिका के सिर और चेहरे पर जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि इस पथराव से उनका सामने का दांत टूट गया। उसकी हालत को देखते हुए कार चालक ने जैसे-तैसे कार को संभाला और सीधे रतनपुर बस्ती की ओर ले गया। घायल युवती को शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए सिम्स के लिए रेफर कर दिया है। इस मामले की शिकायत पर रतनपुर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मनोज राज 01 अप्रैल 2026