क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


- दो आरोपियों सहित कबाड़ी गिरफ्तार बिलासपुर (ईएमएस)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एसी कॉपर वायर चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों और एक कबाड़ी खरीददार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लगातार हो रही एसी कॉपर वायर चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में सूरज वस्त्रकार उर्फ सूरज महरा (23) और धीरेन्द्र झारिया (30) को चोरी के आरोप में तथा कबाड़ी अहसान अली (44) को चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो कबाड़ बीनने वाले युवक चोरी किए गए एसी के कॉपर वायर को खपरगंज स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेचते हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे जिला अभियोजन निदेशालय और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर के पास लगे एसी से कॉपर वायर, पाट्र्स और आलमारी में रखी नकदी चोरी करते थे। इसके बाद चोरी का सामान कबाड़ी को बेच देते थे। चोरी का यह सामान हुआ बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 फीट कॉपर वायर, एसी के पाट्र्स और 8500 रुपये नकद जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 48,500 रुपए बताई जा रही है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मनोज राज 01 अप्रैल 2026