क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक राहगीर से लूटपाट और मारपीट की वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए महज कुछ घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी और घटना में प्रयुक्त बेल्ट भी जब्त की गई है। मस्तूरी क्षेत्र में राहगीर से लूटपाट का मामला सामने आया है। प्रार्थी रामप्यारे राय (62 वर्ष), निवासी चौहा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मार्च की रात लगभग 11.50 बजे वह डगनिया से शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढ़ा और डगनिया के बीच चार युवकों रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू और मंजेश खूंटे ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनसे पैसे की मांग की और विरोध करने पर गालियां देते हुए बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उनकी शर्ट की जेब में रखे 1400 रुपए लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में पीडि़त पूरी रात वहीं पड़ा रहा, जिसे सुबह गांव के लोगों ने घर पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर चकरबेढ़ा गांव से चारों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1400 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बेल्ट जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मनोज राज 01 अप्रैल 2026