- नितिन दुबे की प्रस्तुति पर रातभर झूमे दर्शक बिलासपुर (ईएमएस)। मल्हार महोत्सव 2026 के दूसरे अंतिम दिन आयोजित सुपरस्टार नाइट में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक नितिन दुबे ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से ऐतिहासिक मेला मैदान को संगीत के रंग में सराबोर कर दिया। हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक देर रात तक उनके मंच संभालने का इंतजार करते रहे और जैसे ही उन्होंने माइक थामा, पूरा वातावरण तालियों और उत्साह से गूंज उठा। नितिन दुबे ने अपने सुपरहिट गीत ‘रायगढ़ वाले राजा’, ‘गोंदा तोला रे’, ‘चंदा रे’ और ‘नील परी’ की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। उनकी मधुर आवाज और ऊर्जा से भरपूर परफॉर्मेंस ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर गीत के बाद ‘वन मोर’ की गूंज पूरे मैदान में सुनाई देती रही, जिससे कार्यक्रम का रोमांच और बढ़ता गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नितिन दुबे को सम्मानित करते हुए उनकी प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोक संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नितिन दुबे ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली। मनोज राज 01 अप्रैल 2026