क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


- दीवार तोड़ी, बड़ा हादसा टला - हाईकोर्ट कॉलोनी के पास हुई घटना, मकान को भारी नुकसान - परिवार बाल-बाल बचा, सह-चालक भी हादसे में घायल बिलासपुर (ईएमएस)। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का खामियाजा एक परिवार को उस वक्त भुगतना पड़ा, जब एक बेकाबू ट्रेलर सीधे उनके घर में जा घुसा। गनीमत रही कि परिवार के लोग पीछे के कमरे में मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। मिली जानकारी के अनुसार तिलक नगर हिर्री माइंस निवासी ताराचंद दुबे, जो रिटायर्ड कर्मचारी हैं। रविवार रात अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। रात करीब 9 बजे पेण्ड्रीडीह बायपास की ओर से आ रहा खाली ट्रेलर (क्रमांक सीजी 10 आर 7861) तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए अचानक नियंत्रण खो बैठा। ट्रेलर चालक ने वाहन को मोड़ते हुए सीधे हाईकोर्ट आवासीय परिसर के मुख्य द्वार के सामने स्थित दुबे के मकान की बाउंड्री तोड़ दी और वाहन घर के भीतर घुस गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। शराब के नशे में था चालक हादसे के बाद जब घरवालों ने चालक को नीचे उतारा और पूछताछ की, तो उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। पूछने पर उसने अपना नाम उकेश साहू (23), निवासी ग्राम पौंसरी थाना बिल्हा बताया। ट्रेलर में चालक के साथ मौजूद नरोत्तम जांगड़े हादसे में घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में चोट आई है, जिसे इलाज के लिए भेजा गया। मकान को भारी नुकसान, बड़ा हादसा टला ट्रेलर की टक्कर से मकान की बाउंड्री दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घर का हिस्सा भी प्रभावित हुआ। हालांकि परिवार के सदस्य पीछे के कमरे में होने के कारण सुरक्षित रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोज राज 01 अप्रैल 2026